रायगढ़। आलू के खेत में पानी देने पहुंचे चाचा- भतीजे की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनो के शवों को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वलो ग्राम मुडपारा निवासी निर्मल नागवंशी 25 वर्ष पिता जगत राम नागवंशी और शिवा नागवंशी 12 वर्ष, पिता हेमसागर नागवंशी, दोनों कल अपने खेत में लगाए गए आलू की फसल में पानी दे रहे थे। बताया जा रहा है कि डबरी से पानी निकालने के लिए मोटर पंप चलाने के लिए बिजली का कनेक्शन किया था। इसी दौरान बिजली का बोर्ड जमीन पर गिर गया, जिसे उठाते समय निर्मल करेंट की चपेट में आ गया। निर्मल को बचाने की कोशिश में शिवा ने जैसे ही पास जाने की कोशिश की, वह भी करेंट की चपेट में आ गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मृतक चाचा-भतीजे बताये जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे गाँव में शोक और मातम का माहौल है।










